अमरोहा। नगर पालिका के कार्यालय के पास पाइप लाइन फटने से मंगलवार को हजारों लीटर पानी बर्बाद हो गया। आस पास के घरों में लो प्रेशर से लोग जूझे। इसके अलावा राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पैदल गुजरने वाले लोग दूसरे पटरी से गुजरे। जलकल अनुभाग की टीम पाइप लाइन को दुरुस्त करने में जुट गई। शाम तक पानी की आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
शहर के कोट चौराहे के समीप नगर पालिका का कार्यालय है। इसके बगल में प्रधान डाकघर है। पोस्ट ऑफिस के सामने की दूसरी पटरी से वाटर पाइप लाइन गुजरी है। सोमवार की रात को पाइप लाइन फट गई। इसके चलते सड़क पर पानी बहने लगा। मंगलवार की सुबह में सड़क का कुछ हिस्सा टूट गया। लगभग आठ बजे के बाद आवाजाही शुरु हुई। सड़क पर पानी बहने और कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से लोगों को सड़क की दूसरी पटरी से आना जाना शुरू हुआ। इस बीच आसपास के घरों में लो प्रेशर से आपूर्ति होने लगी। इसके चलते घरेलू कामकाज निपटाने में दिक्कतें हुए। काफी देर के बाद टंकी भर सकी। इसके बाद महिलाओं ने कामकाज निपटाया। दोपहर लगभग 12 बजे जलकल अनुभाग की टीम मौके पर पहुंची। उसने सड़क की खुदाई की। इसके बाद पाइप लाइन को दुरुस्त करने में जुट गई।