पेट्रोल पंप संचालक को जमीन में साझेदार बनाने का झांसा देकर 18 लाख रुपये हड़प लिए। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मामले में बुलंदशहर निवासी पिता-पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
अमरोहा के मोहल्ला शफातपोता में पेट्रोल पंप संचालक मोहम्मद खालिद कुरैशी का परिवार रहता है। बुलंदशहर के मोहल्ला मिर्चीटोला कसाईबाड़ा निवासी अब्दुल हकीम की बेटी की शादी अमरोहा शहर के रहने वाले पूर्व विधायक मोहम्मद हयात के बेटे गुलरेज से हुई है। इसके चलते अब्दुल हकीम के बेटे अरशद से मोहम्मद खालिद कुरैशी के संबंध हो गए थे। दोनों एक-दूसरे के घर आने-जाने लगे। आरोप है कि अब्दुल हकीम ने झांसा दिया कि उनके समधी नौगांवा सादात में जमीन बेच रहे हैं। रकम पूरी नहीं होने के कारण जमीन का बैनामा नहीं हुआ है।
अब्दुल हकीम ने मोहम्मद खालिद कुरैशी को जमीन में साझेदार बनने के लिए कहा। इसके बाद पेट्रोल पंप संचालक खालिद कुरैशी ने अब्दुल हकीम और उनके बेटे अरशद की फर्म हाजी अब्दुल हकीम के खाते में 19 अप्रैल 2018 को 13 लाख रुपये और चार मई 2018 को पांच लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुल 18 लाख रुपये जाने के बाद अब्दुल हकीम और अरशद जमीन का बैनामा करने में टालमटोल करने लगे।
पेट्रोल पंप संचालक मोहम्मद खालिद कुरैशी ने इसकी शिकायत पूर्व विधायक हाजी मोहम्मद हयात से की तो अब्दुल हकीम और उनका बेटा अरशद नाराज हो गए और दोनों जान से मारने की धमकी देने लगे। साथ ही रकम लौटाने से मना कर दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच की तो अब्दुल हकीम और अरशद ने 18 लाख रुपये के आलू पीड़ित पेट्रोल पंप संचालक मोहम्मद खालिद कुरैशी को बेचने की बात कही। जबकि, मोहम्मद खालिद आलू का कारोबार नहीं पेट्रोल पंप चलते हैं। आरोप है कि अब्दुल हकीम और उनके बेटे अरशद ने आलू की बिक्री के फर्जी बिल भी तैयार कर लिए। मामले में पेट्रोल पंप संचालक मोहम्मद खालिद कुरैशी ने कोर्ट की शरण ली। सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि मामले में अब्दुल हकीम और अरशद के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और षडयंत्र रचने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है।