अमरोहा। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा 24 अगस्त को है। इसके लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। नकल विहीन परीक्षा के लिए केंद्र व्यवस्थापक को निर्देश दिए गए हैं। जिले के 20 इंटर कॉलेज में दो पालियों में परीक्षा होगी। इसके लिए 20,922 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। सात सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा की निगरानी करेंगे। अभ्यर्थी की गतिविधि संदिग्ध प्रतीत होने पर तलाशी ली जाएगी।
डीएम बालकृष्ण त्रिपाठी ने बताया कि प्रारंभिक अर्हता परीक्षा मंगलवार यानी 24 अगस्त को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक परीक्षा चलेगी। नकल विहीन परीक्षा के लिए सात सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। यह लोग आवंटित परीक्षा केंद्रों का जायजा लेते रहेंगे। राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, कुंदन मॉडल इंटर कॉलेज, आईएम इंटर कॉलेज, जेएस हिंदू इंटर कॉलेज, एकेके इंटर कॉलेज, हाशमी इंटर कॉलेज, राधा कृष्ण पब्लिक स्कूल, हिल्टन कॉन्वेंट इंटर कॉलेज, लिटिल स्कॉलर्स एकेडमी, श्रीराम किसान इंटर कॉलेज बादशाहपुर, जीपीएस एकेडमी भजनपुरी, अब्दुल रज्जाक पीजी कॉलेज, सिख इंटर कॉलेज नारंगपुर, एएसएम मॉडर्न एकेडमी खाता, एएसएम बाल विद्या मंदिर खाता, ए डब्ल्यू फैज-ए-आम इंटर कॉलेज, नायाब अब्बासी पीजी कॉलेज और मोती स्मृति इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा केंद्र के बाहर पुलिस बल मुस्तैद रहेगा।