रजबपुर के जमापुर में बिरेंद्र सिंह के आवास पर किसानों को संबोधित करते पंचायत राज मंत्री भूपेन्द?
- फोटो : JPNAGAR
रजबपुर। पंचायतीराज मंत्री भूपेंद्र सिंह ने शनिवार को भारतीय किसान यूनियन के नेताओं से मुलाकात की। उन्होंने जिला प्रभारी चौधरी विरेंद्र सिंह के आवास में किसानों के मसले पर चर्चा की। किसानों ने गन्ने की कीमत 450 रुपये क्विंटल करने की मांग दोहराई। इसके साथ ही घरेलू और नलकूप की बिजली का दर आधा करने की मांग बुलंद की। इसके अलावा हसनपुर चीनी मिल की क्षमता वृद्धि कराने की मांग दोहराई।
भाकियू भानू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिवाकर सिंह ने आठ सूत्रीय पत्र सौंपा। किसान नेता दिवाकर सिंह ने कहा कि किसानों के ट्यूबवेल का एक साल का बिजली बिल माफ किया जाए। घरेलू और ट्यूबवेल के बिजली बिल का रेट आधा किया जाए क्योंकि देश में सर्वाधिक महंगी बिजली प्रदेश के लोगों को दी जा रही है। केसीसी की अधिकतम सीमा तीन लाख से बढ़ा कर 10 लाख रुपये तय की जाए। इसक अलावा नवीनीकरण का चार्ज खत्म करें और इसके बदले में कोई ब्याज नहीं लिया जाए। किसान दुर्घटना बीमा राशि को भी 10 लाख रुपय करें। इसके साथ ही किसान सम्मान निधि से सभी किसानों को लाभांवित करें। किसानों के नलकूप में मीटर लगाए जा रहे हैं, यह सही नहीं है ट्यूबवेल में स्टार्टर नहीं होता है मीटर के चोरी होने पर किसानों पर केस दर्ज कराया जाएगा इससे किसानों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। पंचायती राज मंत्री से मिलने वालों में एमएलसी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो, गुरेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, पवनीत दिवाकर, राम सिंह सैनी, गजेंद्र सिंह, कृपाल सिंह, सरदार स्वर्णजीत सिंह, संदीप चौधरी, राजीव चौधरी आदि रहे।