मंडी धनौरा। नगर व ग्रामीण क्षेत्र में वायरल बुखार का प्रकोप हो रहा है। तमाम लोग बुुखार की चपेट में हैं। नगर के सरकारी अस्पताल में रोजाना लगभग 100 रोगी बुखार से पीड़ित आ रहे हैं। अधीक्षक ने लोगों से बुखार को हल्के में नहीं लेने की अपील की है। दूसरी ओर फिरोजाबाद जनपद में रहस्यमय बुखार से बच्चों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग चौकस हो गया है।
नगर व ग्रामीण क्षेत्र में इन दिनों वायरल बुखार का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। डाक्टरों का कहना है कि रोगी को अचानक से तेज बुखार होता है। वायरल बुखार के साथ खांसी व जुकाम की शिकायत हो रही है। ऐसी स्थिति में रोगी स्वयं को कोरोना संक्रमित होने की आशंका होती है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डा. अमोल सिंह ने बताया कि आजकल लगभग 100 रोगी प्रतिदिन बुखार से पीड़ित आ रहे हैं। बुखार व खांसी के लक्षण वाले रोगियों की कोरोना जांच भी कराई जा रही है।
उन्होंने लोगों से बुखार होने पर चिकित्सक से ही उपचार कराने की सलाह दी। उन्होंने जानकारी दी कि बच्चों में रहस्यमय बुखार व तीसरी लहर की आशंका के मददेनजर सात सितंबर से 15 तक घर घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी की जाएगी। इसके लिए 10 टीमों का गठन किया जाएगा।