अमरोहा। जिले में एक और कोरोना संक्रमित मरीज मिला है। शुक्रवार को 102 सैंपलों की आई रिपोर्ट में पुणे से लौटा युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया। लेकिन राहत की बात यह रही कि बाकी सभी 101 रिपोर्ट निगेटिव रही हैं। अभी तक दूसरे राज्यों से लौटे 28 मजदूर संक्रमित हो चुके हैं। वहीं जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या साठ पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने युवक को वैंक्टेश्वर मेडिकल कालेज में भर्ती कराया है।
शुक्रवार को 102 सैंपलों की जांच रिपोर्ट अमरोहा पहुंची। इसमें से 101 सैंपलों की जांच निगेटिव निकली। जबकि एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अभी 72 सैंपलों की जांच आना बाकी है। डॉक्टरों के मुताबिक कोरोना संक्रमित युवक महाराष्ट्र के पुणे से लौटा है। युवक पुणे में सैलून पर काम करता है। युवक को क्वारंटीन सेंटर में रखा गया था। सैंपल पॉजिटिव आने पर उसे वैंक्टेश्वर मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। जबकि उसके परिजनों को भी क्वारंटीन कराया गया है। कोरोना महामरी की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार तक 1523 सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए थे। इनमें से 1451 सैंपलों की रिपोर्ट आ चुकी है। 1392 रिपोर्ट निगेटिव पाई गईं। जबकि दो साल की बच्ची समेत 60 मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। एक की मौत हो चुकी है जबकि 31 लोगों कोरोना को हरा चुके हैं। जिले में अब 28 एक्टिव केस हैं।