जुमे की नमाज के दृष्टिगत कानून एवं शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए प्रशासनिक अफसरों ने धर्मगुरुओं से वार्ता कर जिले में भाईचारा और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। स्पष्ट कहा कि बिना अनुमति लाउडस्पीकर लगाया तो कार्रवाई की जाएगी।
जुमे की नमाज को लेकर प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। डीएम बीके त्रिपाठी ने धर्मगुरुओं से अपील करते हुए कहा कि जनपद में शांति व सुरक्षा बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें। कहा कि धार्मिक स्थलों पर बिना अनुमति लाउडस्पीकर लगाने की इजाजत नहीं होगी, इस पर विशेष ध्यान देना होगा। अभियान चलाकर जनपद में अवैध रूप से संचालित 852 लाउडस्पीकर उतरवा दिए गए हैं। जिनमें से 42 लाउडस्पीकर स्वेच्छा से विद्यालयों को उपलब्ध करा दिए गए हैं। बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के बगैर लाउडस्पीकर लगाया जाना प्रतिबंधित है। तीव्रता का जो मानक निर्धारित किया गया है, उसके अनुसार लाउडस्पीकर की ध्वनि परिसर से बाहर न जाए। ध्वनि की तीव्रता परिसर से बाहर यदि जाती है तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लाउडस्पीकर के संबंध में सुप्रीमकोर्ट व शासन के निर्देशों का पूर्णत: पालन करना होगा। जुमे की नमाज शांतिपूर्ण, आपसी भाईचारे के साथ अदा करें। अपने आसपास के लोगों को भी शांतिपूर्ण नमाज अदा करने को अपील करें।