अमरोहा। दांत के रोगियों के लिए खुशखबरी है। जिला अस्पताल के दंत क्लीनिक में जल्द ही आरसीटी (रूट कैनाल ट्रीटमेंट) की सुविधा मिलने लगेगी। इसके लिए दंत क्लीनिक का अपग्रेडेशन का कार्य चल रहा है। 15 जनवरी तक इसका काम पूरा हो जाएगा। इससे पहले जिले के किसी भी सरकारी अस्पतालों में दांतों की आरसीटी की सुविधा नहीं थी। यहां दंत चिकित्सक केवल सामान्य उपचार करते हैं, मरीज को आरसीटी के लिए निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है।
जिले में जिला अस्पताल के अलावा छह सीएचसी और 42 पीएचसी हैं। दंत विभाग की ओपीडी में रोजाना 60 से 70 मरीज इलाज कराने आते हैं। इसमें दांत में दर्द, इंफेक्शन, सड़न, ट्यूमर, हड्डी टूटने, गलने सहित अन्य बीमारी से पीड़ित होते हैं। डॉक्टर जरूरत पड़ने पर आरसीटी और आर्थो पेंटोग्राफी (ओपीजी) एक्सरे कराने की सलाह देते हैं। लेकिन, जिला अस्पताल में यह सुविधा नहीं हैं।
इस पर रोजाना करीब 25 से 30 मरीजों को जांच कराने के लिए निजी सेंटरों का सहारा लेना पड़ता था, जहां उन्हें 600 से 700 रुपये खर्च करने पड़ते हैं। सरकार ने दंत मरीजों के उपचार के लिए जिला अस्पताल और सीएचसी में डेंटल चेयर और स्केलिंग की व्यवस्था की थी। हालांकि, आरसीटी की सुविधा का अभाव है, जिसके कारण मरीजों को निजी दंत क्लीनिकों और अन्य जनपदों में दौड़ लगानी पड़ती थी। इस प्रक्रिया में मरीजों से मनमाने शुल्क वसूला जाता था। अब जिला अस्पताल में दांतों की आरसीटी की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके लिए दंत क्लीनिक को सीआरएस मद से अपग्रेड किया जा रहा है।