कैलसा। अमरोहा देहात थानाक्षेत्र के रामहट गांव निवासी महिपाल सिंह (30) की ट्रेन की चपेट में आने मौत हो गई। घटनास्थल पहुंची पुलिस में जांच-पड़ताल की। पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
महिपाल सिंह के परिवार में पत्नी पिंकी के अलावा दो बच्चे हैं। पुलिस के मुताबिक महिपाल सिंह रामहट गांव के अड्डे स्थित परचून की दुकान पर नौकरी करते थे। बृहस्पतिवार को भी महिपाल दुकान पर गए थे और शाम को घर लौटे। इसके बाद करीब नौ बजे वह घर से बाइक लेकर निकल गए और वापस नहीं लौटे। काफी देर तक महिपाल घर नहीं आए तो परिजनों ने तलाश शुरू कर दी। इस बीच महिपाल सिंह का शव मोड़ी जट रेलवे फाटक के पास पड़ा मिला। उनकी ट्रेन की चपेट में आकर मौत हुई थी। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच की। सीओ अवधभान भदोरिया ने बताया कि प्राथमिक जांच में महिपाल सिंह की आत्महत्या की बात सामने आ रही है। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।