प्रशासन ने मुसाफिरों की समस्या को देेखते हुए परिवहन निगम की बसों पर शिकंजा कस दिया है। सौ किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद ही डिपो की बसें अनुबंधित ढाबों पर कुछ समय के लिए स्टे कर सकेंगी। निर्धारित दूरी से कम दूरी पर बसें ढाबों पर रुकी तो चालक-परिचालक की खैर नहीं।
मुरादाबाद से दिल्ली की ओर जाने वाली रोडवेज बसों के लिए गजरौला स्थित मेला प्लाजा ही अनुबंधित ढाबा है, लेकिन सौ किमी से कम सफर वाली बसें यहां भी नहीं रुक सकेंगी। प्रशासन द्वारा आरएम और एआरएम को पत्र जारी किया जा रहा है। तत्काल प्रभाव से आदेश पर अमल कराया जाएगा। रोडवेज बस चालक-परिचालकों की मनमानी के चलते मुसाफिरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अमरोहा व मुरादाबाद डिपो से दिल्ली को संचालित होने वाली रोडवेज बसें गजरौला स्थित मेला प्लाजा पर रुकती हैं। ये बसें आधा घंटे से लेकर पौन घंटे तक ढाबे पर खड़ी रहती हैं। इसके अलावा गैर अनुबंधित ढाबों पर रोडवेज बसें रुकती हैं।
मुसाफिरों ने जिलाधिकारी से इस संबंध में शिकायत की थी। डीएम वेद प्रकाश ने बताया कि परिवहन निगम के अफसरों को पत्र जारी किया जा रहा है कि सौ किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद ही बसें अनुबंधित ढाबों पर रुकें। यदि इससे कम दूरी पर बसें स्टे करती हैं तो उनके चालक-परिचालकों के खिलाफ तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाए। तत्काल प्रभाव से आदेश पर अमल कराया जाएगा।
अनुबंधित ढाबों से रोडवेज को होती की कमाई
अमरोहा। मुरादाबाद से दिल्ली के बीच में परिवहन निगम के दो अनुबंधित ढाबे संचालित हैं। जिसमें गजरौला में मेला प्लाजा रेस्टोरेंट, दूसरा गढ़ में गंगा प्लाजा शामिल है। अनुबंधित ढाबों पर बसों के रुकने से प्रति बस के हिसाब से 25 रुपये का राजस्व निगम को प्राप्त होता है। साथ ही चालक-परिचालकों को ढाबों पर फ्री खाना मिलता है।
क्या कहते हैं परिवहन निगम के अफसर
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक एनके गंगवार का कहना है कि अमरोहा व मुरादाबाद से दिल्ली जाने वाली बसें गढ़ स्थित गंगा प्लाजा पर ही रुकती हैं। दिल्ली से मुरादाबाद जाने वाली बसे गजरौला स्थित मेला प्लाजा पर रुकती हैं। यदि कोई चालक, परिचालक आदेश पर अमल नहीं कर रहा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही समय-समय पर छापामारी कराई जाती रही है।