फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amroha News: अब प्राथमिक स्कूलों में डेढ़ लाख बच्चों को पढ़ाया जाएगा पॉक्सो का पाठ

Sun, 24 May 2026 12:18 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमरोहा
विज्ञापन
विज्ञापन
अमरोहा। बेसिक शिक्षा विभाग ने बच्चों की सुरक्षा और जागरूकता को लेकर एक नई पहल शुरू की है। बेसिक शिक्षक परिषद की ओर से जारी अकादमिक कैलेंडर में पहली बार कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों को पॉक्सो कानून और व्यक्तिगत सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। जिले के 1266 प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले करीब डेढ़ लाख छात्र-छात्राओं को इस पहल का लाभ मिलेगा। शिक्षा विभाग ने शिक्षकों को इसके लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
विज्ञापन




नई व्यवस्था के तहत छोटे बच्चों को उनकी उम्र के अनुसार सरल और संवेदनशील तरीके से सुरक्षा से जुड़े पहलुओं के बारे में समझाया जाएगा। बच्चों को गुड टच और बैड टच की पहचान, निजी अंगों की सुरक्षा, व्यक्तिगत सीमाओं की समझ और किसी भी असहज स्थिति में सतर्क रहने के बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही उन्हें यह भी सिखाया जाएगा कि किसी भी गलत हरकत पर बिना डरे ना कहना और तुरंत वहां से हट जाना जरूरी है। जिला समन्वयक प्रशांत कुमार ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य बच्चों में भय पैदा करना नहीं बल्कि उन्हें जागरूक, सतर्क और आत्मविश्वासी बनाना है। बच्चों को यह समझाया जाएगा कि यदि उनके साथ किसी प्रकार की अनुचित हरकत होती है तो वह बिना झिझक अपने अभिभावकों, शिक्षकों या किसी भरोसेमंद व्यक्ति से बात करें। इसके अलावा शिकायत करने के अधिकार और कानूनी संरक्षण की जानकारी भी दी जाएगी। बीएसए डॉ. मोनिका ने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों को केवल पाठ्य पुस्तकों तक सीमित रखना पर्याप्त नहीं है। उन्हें सामाजिक और व्यक्तिगत सुरक्षा से जुड़ी जानकारी देना भी बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से स्कूलों में पॉक्सो जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा, जिसमें शिक्षक पूरी संवेदनशीलता और सावधानी के साथ बच्चों को जानकारी देंगे जिससे उन पर किसी प्रकार का मानसिक दबाव न पड़े। विद्यालयों में बच्चों को हेल्पलाइन नंबरों और सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में भी बताया जाएगा। विभाग का मानना है कि इस पहल से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ेगा और वह किसी भी असहज स्थिति का सामना करने के लिए अधिक जागरूक बन सकेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें