फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amroha News: मई में जून जैसी तपिश, 43 डिग्री तापमान से लोग बेहाल

Sun, 24 May 2026 12:15 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमरोहा
विज्ञापन
विज्ञापन
अमरोहा। जिले में गर्मी लगातार अपने तेवर दिखा रही है। मई माह में ही जून जैसी भीषण गर्मी पड़ने से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। तेज धूप, लू और गर्म हवाओं ने लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया है।
विज्ञापन

इस सीजन में पड़ रही गर्मी ने पिछले 11 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। शनिवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार को तापमान 44 और बृहस्पतिवार को 45 डिग्री तक पहुंच गया था। इसके साथ ही 38 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानियां और बढ़ा दीं।
शनिवार सुबह से ही सूरज की तपिश लोगों को झुलसाने लगी। सुबह नौ बजे के बाद सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया। दोपहर के समय केवल वही लोग बाहर दिखाई दिए जिन्हें जरूरी काम था। तेज धूप और लू के कारण बाजारों और मुख्य सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।
विज्ञापन

राहगीर गर्मी से बचने के लिए गमछे, तौलिये और कपड़ों से चेहरा ढककर निकलते दिखाई दिए। कई लोग धूप से राहत पाने के लिए छांव तलाशते नजर आए, जबकि अधिकांश लोग घरों में ही दुबके रहे। गर्मी का असर सरकारी और निजी दफ्तरों में भी देखने को मिला। बिना एयर कंडीशनर वाले कार्यालयों में कर्मचारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शहर और कस्बों के बाजारों में दोपहर के समय ग्राहक बेहद कम दिखाई दिए। लोगों ने जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलना उचित समझा। जिला कृषि अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि शनिवार को इस सीजन का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया है। आने वाले दिनों में तापमान फिर 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. फाइक अली ने लोगों को धूप से बचने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि अत्यधिक गर्मी में घर से बाहर निकलने से बचें। यदि बाहर जाना जरूरी हो तो चेहरे को कपड़े से ढकें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मई में ही यह हाल है तो जून में गर्मी और अधिक तीखी हो सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें