गजरौला (अमरोहा)। डिलिवरी के बाद जच्चा की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी क्वैक्स ने नर्सिंग होम को नोटिस भेजा है। संचालक और सर्जन को सीएमओ कार्यालय में तलब किया। मामले में मृतका के पति के बयान भी दर्ज किए जाएंगे।
नोडल अधिकारी क्वैक्स डॉ. शरद कुमार ने बताया कि पता चला है कि अतरपुरा मोहल्ला स्थित आशीर्वाद नर्सिग में डिलिवरी के बाद पपसरा गांव निवासी जच्चा की मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों ने हंगामा किया। जिसकी जानकारी होने पर रविवार दोपहर 2 बजे उन्होंने अस्पताल में छापा मारा और उसके कागजात देखे। चेकिंग के दौरान अस्पताल का पंजीकरण पाया गया। मगर मृतका के पति द्वारा पुलिस काे लिखा समझौता भी मिला। मृतका का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया। फिर भी जच्चा की मौत का मामला सामने आया है। सर्जन के बारे में जानकारी करने पर बताया गया कि पीयूष श्रीवास्तव ने ऑपरेशन किया था। सर्जन और नर्सिग होम संचालक प्रमोद शर्मा को अपना जवाब देने के लिए सोमवार सुबह 10 बजे सीएमओ कार्यालय में तलब किया गया है। संतोषजनक जवाब नहीं देने पर कार्रवाई की जाएगी। मृतका के पति के भी बयान दर्ज किए जाएंगे।