अमरोहा/डिडौली। जिले में अघोषित बिजली कटौती और बार-बार होने वाली ट्रिपिंग से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के लोग परेशान हैं। ग्रामीण इलाकों में रोजाना पांच से छह घंटे तक बिजली बाधित रहने की शिकायतें मिल रही हैं, जबकि शहर में लगातार ट्रिपिंग के कारण उमस भरी गर्मी में लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लगातार बिगड़ती व्यवस्था से नाराज ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
डिडौली क्षेत्र के सिबौरा बिजलीघर से जुड़े दर्जनों गांवों में पिछले एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति लगातार प्रभावित है। शुक्रवार रात भी बिजली की आवाजाही जारी रही, जिससे लोगों को पूरी रात जागकर गुजारनी पड़ी। कई परिवारों ने हाथ के पंखों के सहारे रात बिताई।
ग्रामीणों का कहना है कि शाम होते ही बिजली कट जाती है और पूरी रात बार-बार आने-जाने का सिलसिला चलता रहता है। इससे पंखे और कूलर ठीक से नहीं चल पाते, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है और आपूर्ति का कोई निश्चित समय नहीं रह गया है।
उधर, जोया क्षेत्र में भी बिजली कटौती से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
अधिशासी अभियंता निखिल वर्मा ने बताया कि ओवरलोड के कारण कभी-कभी बिजली कटौती करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को यथासंभव सुचारु बिजली आपूर्ति देने का प्रयास किया जा रहा है।
...