अमरोहा। तिगरीधाम में लगने वाले ऐतिहासिक मेले को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दीं हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते 10 नवंबर की दोपहर से हाईवे पर निजी और रोडवेज बस, ट्रक, ट्रैक्टर व अन्य बड़े वाहनों की नो एंट्री हो जाएगी। जबकि, 13 नवंबर की दोपहर 12 बजे से जीप, कार, पिकअप छोटा हाथी व अन्य छोटे वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। सभी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजर जाएगा। प्रशासन ने यह फैसला कार्तिक पूर्णिमा स्नान के चलते हाईवे पर लगने वाले जाम से निपटने के लिए लिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि इस बार तिगरी मेला 7 नवंबर से शुरू होकर 16 नवंबर तक रहेगा। मुख्य स्नान 15 नवंबर की सुबह को होगा। कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु तिगरी आते हैं। इस बार 30 से 35 लाख श्रद्धालु के पहुंचने का अनुमान है। श्रद्धालुओं के आवागमन में कोई दिक्कत न हो इसके लिए रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है। सभी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजर जाएगा। सुरक्षा के लिहाज से जगह-जगह पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यातायात नियमों को तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ये रहेगा प्लान
- शाहजहांपुर से दिल्ली की ओर जाने वाले समस्त भारी वाहनों को कटरा, जलालपुर बदायूं, बबराला, नरौरा, बुलंदशहर होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा।
- बरेली से दिल्ली की ओर जाने वाला समस्त भारी वाहनों आंवला से शाहबाद, बिलारी, चन्दौसी, बबराला से डिबाई, नरौरा बुलंदशहर होते हुए दिल्ली की ओर भेजा जाएगा।
- रामपुर के शाहबाद से भारी एवं माल वाहक वाहनों को रूट डायवर्ट कर बिलारी, चंदौसी, बबराला,नरौरा, बुलंदशहर होते भेजा जाएगा।
- मुरादाबाद से मेरठ व दिल्ली की तरफ जाने वाला यातायात मुरादाबाद से टीएमयू की बगल से अगवानपुर बाईपास, छजलैट, नूरपुर, बिजनौर, बैराज, मीरापुर होते हुए मेरठ कर दिल्ली निकाले जाएंगे।
- बिजनौर के चांदपुर से गजरौला होते हुए दिल्ली जाने वाले भारी व हल्के वाहनों को थाना धनौरा की बार्डर पुलिस चौकी रसूलपुर पर ही रोक दिया जाएगा। यहीं से वापस करते हुए बिजनौर बैराज, मवाना, मेरठ, गाजियाबाद होते हुए दिल्ली निकाले जाएंगे।
- संभल से दिल्ली की ओर जाने वाले समस्त भारी वाहनों को बहजोई , बबराला, नरौरा, डिबाई. बुलंदशहर होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा। कोई भी मालवाहक वाहन गवां की तरफ से हसनपुर नहीं आने दिया जाएगा।
- अमरोहा से दिल्ली जाने वाहनों को शिवालांकलां, नूरपुर, बिजनौर, मेरठ, मवाना, गाजियाबाद होते हुए दिल्ली पहुंचेंगे।
- हसनपुर से मालवाहक व भारी वाहनों को संभल, बहजोई, बबराला, नरौरा, डिबाई से बुलंदशहर होते हुए गुजारे जाएंगे।
- शाहजहांपुर से कटरा, जलालपुर, बदायूं, बबराला, नरौरा, बुलंदशहर से दिल्ली भेजा जाएगा।
- गाजियाबाद से बरेली व लखनऊ की तरफ जाने वाले भारी व मालवाहक वाहनों को लालकुआं से मोड़कर दादरी, बुलंदशहर, डिबाई, नरौरा, गुन्नौर, सहसवान, बदायूं होते हुए वाया बरेली और लखनऊ भेजे जाएंगे।
- मेरठ से बिजनौर, धामपुर, स्योहारा, कांठ, मुरादाबाद से बरेली होकर लखनऊ निकाले जाएंगे।
- मुरादाबाद की ओर से आने वाले समस्त वाहन जो तिगरी मेले का जाएगा, वह भानपुर फाटक से इंद्रा चौक कुमराला से जीरो प्वाइंट मोहरका रैम्प से ढलान नंबर चार से होते हुए अपने-अपने सेक्टर में जाएंगे।
- बिजनौर की ओर से तिगरी मेले को जाने वाला समस्त वाहन नौगांवा सादात, धनौरा से कुमराला से जीरो प्वाइंट से मोहरका रैम्प ढलान नंबर चार से होते हुए अपने-अपने सेक्टर में जाएंगे।
- मेला समाप्ति के बाद तिगरी मेले से मुरादाबाद व दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन कांकाठेर से महाराणा प्रताप चौक से को ओसीतापुर कट से हाईवे से होकर गंतव्य को निकलेंगे।