मिनी स्टेडियम में जनपद स्तरीय कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय क्रीड़ा प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी बालकृष्ण त्रिपाठी ने किया। इस दौरान डीएम ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताओं से छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्हें ऐसी प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग जरूर करना चाहिए। 100 मीटर दौड़ में निशा और 400 मीटर दौड़ में विशाखा ने बाजी मारी।
मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में डीएम ने कहा कि छात्राएं कड़ी मेहनत, ईमानदारी पूर्वक पढ़ाई करें। खेल प्रतियोगिताएं व्यक्ति के व्यक्तित्व, स्वास्थ्य और एकाग्रता लाने में सहयोग प्रदान करते हैं। खेल में बहुत कुछ सीखने का मिलता है। खेल में हारने और जीतने से कोई मतलब नहीं होता है। यह व्यक्ति के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है। इस दौरान 50 मीटर दौड़ में निशा पहले, 200 मीटर दौड़ में रिंकी पहले, प्रीति दूसरे, 400 मीटर दौड़ में विशाखा पहले, आयुषी दूसरे, 400 मीटर रिले दौड़ में धनौरा की टीम पहले, गंगेश्वरी की टीम दूसरे, धीमी साइकिल दौड़ में रीता पहले, शिवानी दूसरे, तेज साइकिल दौड़ में रिया पहले, सरिता दूसरे, गोला फेंक में आंकाक्षा पहले, निधि दूसरे, लंबी कूद में रिंकी पहले, मोनिया दूसरे, ऊंची कूद में नीशू पहले, टिंकल दूसरे स्थान पर रहीं। कबड्डी में अमरोहा ग्रामीण की टीम, खो-खो में धनौरा की टीम विजेता रही। इस दौरान नौ छात्राओं को उत्साहवर्धन के लिए पुरस्कार स्वरूप नौ हजार की धनराशि प्रत्येक छात्रा को एक हजार रुपये की धनराशि प्रदान की गई। यहां मुख्य विकास अधिकारी चंद्र शेखर शुक्ल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर, खंड शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार गौड़, मुकेश कुमार, यशपाल सिंह, विकास चौहान, पुरुजीत सिंह, राघवेंद्र सिंह, सुमायला जावेद, वरन सिंह, सत्येंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।