अमरोहा। नई महिला कप्तान पूनम ने बुधवार को जनपद की कमान संभाल ली है। चार्ज लेने के बाद उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार का खात्मा उनकी प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने कार्यालय में प्रत्येक पटल पर जाकर अधीनस्थों से बात की। उनकी कार्यशैली देखी। अधीनस्थों के साथ बैठक कर तीन अभियान शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही थानाध्यक्षों को फरियादियों की समस्याओं का निस्तारण थाने पर कराने के आदेश दिए है।
आगरा की 15वीं वाहिनी पीएसी सेनानायक पद से स्थानांतरित होकर अमरोहा पहुंची एसपी पूनम ने बुधवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया है। यहां पहुंचने पर गारद ने उनको सलामी दी। इसके बाद नवागत एसपी ने पुलिस कार्यालय की समस्त शाखाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाई गईं कमियों और साफ सफाई को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने समस्य सीओ व थानाध्यक्षों के साथ कानून, शांति व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के दृष्टिगत बैठक ली। जिसमें लंबित और गंभीर वारदातों की जानकारी कर तत्काल पर्दाफाश करने को कहा। साथ ही महिला और बाल अपराध रोकने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। चार्ज संभालते ही उन्होंने जनपद के समस्त हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन, गिरोह बनाकर घटनाओं को अंजाम देने वाले बदमाशों के खिलाफ गैंग पंजीकरण और अवैध कच्ची शराब का निर्माण, तस्करी व बिक्री करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। यह अभियान एक सप्ताह तक चलेगा। किस थानाक्षेत्र में कितनी कार्रवाई हुई, इसकी रिपोर्ट रोजाना तलब की जाएगी। साथ ही यातायात प्रभारी को नगर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए हैं। इससे पहले निवर्तमान पुलिस अधीक्षक सुनीति को बुके आदि भेंट करते हुए विदाई दी गई। इस दौरान एसपी अजय प्रताप सिंह मौजूद रहे।