गजरौला अज्ञात युवक की दरियापुर के निकट ट्रेन से कट कर मौत हो गई। रेलवे लाइन पर शव पड़ा होने के कारण दिल्ली-लखनऊ सुपरफास्ट को चालक ने रोक दिया। सूचना पाकर पुलिस पहुंची। शव को हटाया। काफी कोशिश के बाद भी मृतक की पहचान नहीं हो सकी। शव हटाए जाने के बाद सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन गंतव्य को रवाना हुई।
गजरौला रेलवे स्टेशन अधीक्षक देवेंद्र सिंह ने बताया कि उनको सोमवार की सुबह 5.40 बजे लखनऊ मेल 2229 के चालक ने फोन कर सूचना दी कि दरियापुर बुजुर्ग के निकट एक युवक की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। लखनऊ मेल के पीछे दिल्ली-लखनऊ सुपरफास्ट 2429 जा रही थी। आगे चल रही ट्रेन की चपेट में आकर युवक की मौत हो जाने पर सुपरफास्ट के चालक ने ट्रेन को रोक दिया। उसने ट्रेन से युवक के कट जाने की सूचना तुरंत जीआरपी और गजरौला थाना पुलिस को दी। चूंकि मामला नागरिक पुलिस के क्षेत्र का था। लिहाजा थाने के पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। शव को लाइन से हटवाया। इस बीच सुपरफास्ट ट्रेन रेलवे लाइन पर खड़ी रही। 15 मिनट के बाद यहां से रवाना हुई। उधर पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कराने की काफी कोशिश की, लेकिन कोई भी उसकी पहचान नहीं कर सका। जिसके चलते पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को मोर्चरी पर रखवाया। थाना प्रभारी राजेश तिवारी का कहना है कि युवक की ट्रेन से कटकट कर मौत का मामला सामने आया है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। उसका शव मोर्चरी पर रखवाया गया है।
ग्रामीणों ने बचने के लिए मचाया था शोर
गजरौला। ट्रेन से कटे युवक की मौत के बाद लोग इकट्ठा हो गए। इसके बाद पुलिस पहुंच गई। पुलिस को ग्रामीणों ने बताया कि युवक रेलवे लाइन पर जा रहा था। पीछे से ट्रेन आ रही थी। इस दौरान ट्रेन चालक ने हॉर्न भी बजाया था। ग्रामीणों ने भी बचाने के लिए काफी शोर मचाया था, लेकिन युवक हटा नहीं। जिससे लग रहा था कि युवक को शायद आवाज नहीं आती थी। वह बधिर था।