दस दिनों तक चलने वाले शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन भी श्रद्धालुओं का मंदिरों में जमावड़ा रहा। भक्ति से ओतप्रोत भजनों के जरिए श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा का गुणगान किया। पूजा अर्चना कर मां से कृपा बनाए रखने की कामना की।
इस बार नवरात्र दस दिन तक चलेंगे। एक तिथि बढ़ने की वजह से रविवार को दूसरे दिन भी श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के शैलपुत्री के रूप की आराधना की। शहर के प्रसिद्ध वासुदेव तीर्थ, बाबा गंगानाथ मंदिर, मां दुर्गा मंदिर, चौरासी घंटा मंदिर, रियासत वाला मंदिर, खंडेलवाल मंदिर, शिव मंदिर, राधा रमण मंदिर, बाबा कामनाथ मंदिर में सुबह की पहली किरण के साथ भक्तों ने मां दुर्गा के स्वरूप शैल पुत्री की पूजा अर्चना की। उनके चरणों में धूप, दीप, पान, सुपारी, नारियल आदि चढ़ाए। शाम को महिलाओं ने मंदिरों में भजन कीर्तन कर मां का गुणगान किया और उनसे सुखमय जीवन की कामना की।
उधर कैलसा क्षेत्र के गांव नन्हेड़ा अलियारपुर स्थित दुर्गा मंदिर, कस्बा कैलसा बार्डर के अलावा बहलोलपुर गांव स्थित शिव मंदिर, सिरसा खुमार, पचोकरा, शाहपुर पैगंबरपुर, कैलसा व जमनाखास गांव के शिव मंदिर में भी भक्तों ने भजन कीर्तन किया। उधर कैलसा गांव में रविवार को भागवत कथा के पहले दिन भगवान कृष्ण की लीलाओं का कथावाचक ने बहुत सुंदर वर्णन कर भक्तों को भक्तिरस में डुबो दिया।