नौगावां सादात तहसील भवन की जगह को लेकर ‘महाभारत’ जारी है। तहसील भवन नगर से बाहर बनाए जाने की मांग को लेकर कुछ लोग विधायक अशफाक अली का समर्थन कर रहे हैं तो तमाम लोग विधायक के विरोध में उतर आए हैं। इसको लेकर आए दिन प्रदर्शन और हंगामा हो रहा है।
पक्ष और विपक्ष में ज्यादातर सपा कार्यकर्ता-नेताओं के होने से पार्टी की कलह भी सामने आ गई है। इसको लेकर अब विधायक अशफाक अली के समर्थन में शनिवार को तमाम लोग डीएम आवास पहुंच गए। यहां लोगों ने आवास घेर लिया। तमाम लोग भीतर भी घुस गए और प्रदर्शन कर अमरोहा-नूरपुर मार्ग पर तहसील मुख्यालय बनाने की मांग की। यहां पहुंचे एडीएम के आश्वासन पर लोग शांत हुए।
दोपहर तकरीबन 12 ग्राम पंचायतों के प्रधानों की अगुवाई में सैकड़ों लोग जिलाधिकारी के आवास पर पहुंच गए। पहले उन्होंने आवास के बाहर और फिर अंदर घुसकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि नौगावां तहसील का भवन अमरोहा-नूरपुर मार्ग पर बनाया जाना सामाजिक संतुलन के लिए उचित होगा।
विधायक अशफाक अली खां ने अपनी राय देकर कोई गलत कार्य नहीं किया है, उन्होंने जनहित में सोचा है। सूचना पर अपर जिलाधिकारी महमूद आलम अंसारी डीएम आवास पर पहुंच गए। यहां लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा और कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान तिलकराज सिंह, प्रमोद देवी, नरेश सिंह, अमित त्यागी, हितेश कुमार, दिलशेर शाह, सूरज कुमार, संजीव कुमार त्यागी, आशिक अली, राशिद अल्वी, जाफर हुसैन, जरीफ, विक्की शर्मा, राजीव त्यागी, आरिफ हुसैन, टीकाराम, इरशाद, मल्लन जाटव आदि थे।