अमरोहा। एक जनपद एक व्यंजन (ओडीओसी) के तहत कारोबारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे जनपद के आम उत्पाद, नमकीन और लड्डू को एक नई पहचान मिलेगी। इससे व्यवसाय करने वाले लोगों को फायदा मिलेगा। विभाग इसका प्रचार-प्रचार कर रहा है। छोटे-छोटे दुकानदारों को इस योजना से जोड़ा जाएगा।
शासन की ओर से एक जनपद एक उत्पाद की तर्ज पर ही एक जनपद एक व्यंजन की योजना शुरू की है। ताकि उन लोगों को फायदा मिल सके, जो इसका व्यवसाय करते हैं। जिला उद्योग केंद्र की ओर से इसे लेकर व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है। विभाग की ओर से निवेश मित्र पोर्टल के अंतर्गत लंबित प्रकरणों को भी जल्द पूरा कराया जाएगा। इसके अलावा मिनी औद्योगिक आस्थान, जोया के उच्चीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा।
इसके लिए 101.88 लाख के प्रस्ताव को शासन के पास भेजा गया है, लेकिन अभी मंजूरी नहीं मिली है। गजरौला में औद्योगिक इकाइयों एवं उद्यमियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस की पेट्रोलिंग भी बढ़ाई जाएगी।
जिला उद्योग अधिकारी अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि ओडीओसी पर शासन का ज्यादा जोर है। इसे लेकर ही योजना बनाई जा रही है। जिससे अधिक से अधिक लोगों को फायदा मिल सके। इसके लिए बाजार भी तैयार कराया जाएगा। जहां कारोबारी अपने उत्पादों को बेच सकेंगे।