जोया (अमरोहा)। कस्बे के साप्ताहिक बाजार में अवैध अतिक्रमण व अवैध पार्किग को लेकर नगर पंचायत के अधिकारी सख्त हो गए हैं। मंगलवार को नगर पंचायत द्वारा जेसीबी से खुदाई कराकर बाजार की जमीन पर खोदाई करा दी। हटाया गया। दोबारा अतिक्रमण करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
कस्बे में साप्ताहिक बाजार में लोगों द्वारा अवैध अतिक्रमण करने व अवैध पार्किंग कर दी जाती है। जिससे वहां पर जाम की स्थिति बन जाती है। बार-बार चेतावनी देने पर भी अतिक्रमण खत्म नहीं हो रहा है। मंगलवार को अधिशासी अधिकारी ने जेसीबी की मदद से साप्ताहिक बाजार की जमीन के चारों ओर से खोदाई करा दी। खोदाई होने से अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मच गया। इसका कई लोगों ने विरोध भी किया मगर कार्रवाई जारी रही। मोहम्मद फईम, हरस्वरूप माथुर, अब्दुल कादिर, अंकुर, युनूस, कुशल कुमार, मोनू यादव, शहजाद आदि व्यापारियों ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि बिना सूचना दिए ही जमीन की खोदाई कराई गई। इससे छोटे व्यापारियों को आर्थिक संकट झेलना पड़ेगा। ईओ डॉ. ब्रजेश कुमार का कहना है कि अतिक्रमण को लेकर यह कार्रवाई की गई है। यहां अवैध स्टैंड बनाने के साथ अतिक्रमण रहता था।