खाना खाने के बाद घर से निकले युवक की हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह उसकी लाश गांव के ही एक व्यक्ति के खेत में नलकूप की झोंपड़ी पर चारपाई पर पड़ी मिली। सूचना के तीन घंटे बाद पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सूचना पर पुलिस अधीक्षक डा. शिवा सिंपी चनप्पा भी घटनास्थल पर पहुंच और पूछताछ की। फिलहाल हत्या की वजह नहीं स्पष्ट हो सकी है।
डिडौली कोतवाली के पलौला गांव निवासी किसान मोहम्मद मुस्तफा का 25 वर्षीय बेटा मोहम्मद बिलाल पिता और भाइयों के साथ खेतीबाड़ी में हाथ बंटाता था। मंगलवार रात वह खाना खाने के बाद घर से टहलने निकला था, मगर घर नहीं लौटा। सुबह रियाज के खेत पर नलकूप की झोंपड़ी पर चारपाई पर बिलाल की लाश मिली।
सूचना पर रोते बिलखते परिजन पहुंच गए। सूचना के तीन घंटे बाद कोतवाल पीके सिंह पुलिस के साथ गांव में पहुंचे। युवक के सिर में बाईं ओर से गोली मारी गई थी।
गोली लगने से सिर खोखला हो गया हो था। अनुमान लगाया जा रहा है कि, रात में हत्या के बाद उसकी लाश गांव के ही रियाज उर्फ कल्लू के खेत में नलकूप पर पड़ी झोंपड़ी की चारपाई पर डाल दी गई।
सूचना पर पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवा सिंपी चनप्पा भी गांव पहुंच गए और परिजनों-ग्रामीणों से पूछताछ की। परिजनों ने बिलाल की किसी से रंजिश से इंकार किया। बाद में पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाल पीके सिंह ने बताया कि मृतक के भाई आसिफ की तहरीर पर अज्ञात हत्यारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
आसिफ के अनुसार उसके भाई बिलाल को अज्ञात हत्यारे रात दस बजे घर से जुआ खेलने के बहाने ले गए थे। जिन्होंने जंगल में ले जाकर हत्या कर दी। बिलाल की हत्या से घर में कोहराम मचा है। दिल्ली से लौटी मां महसर जहां बदहवास हैं तो दूसरे परिजनों का भी रो-रोकर बुराहाल है।