मंडी धनौरा। नगर के एक मोहल्ला में रहने वाली महिला ने पति की गैरमौजूदगी का लाभ उठाकर अपने बेटे व जेठ के साथ मिलकर 14 साल की बेटी की शादी उससे तिगुनी उम्र के अपने दामाद से करा दी। नाबालिग की बेटी की शादी की फोटो सोशल मीडिया पर देखकर पिता हैरान हो गया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने पत्नी समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नगर के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक वह रोजगार के सिलसिले में बाहर गया हुआ था। 25 जून 2025 में उसने सोशल मीडिया में अपनी 14 साल की बेटी की शादी की फोटो देखी। फोटो देखकर वह बुरी तरह चौंक गया। उसने पत्नी को फोन कर असलियत जाननी चाही लेकिन वह बहाने बनाने लगी। वह काम छोड़कर घर आया तो पत्नी ने उसे बताया कि बेटी की शादी जनपद संभल के जुनावई इलाके के गांव लहरी निवासी मुनेश के साथ कर दी है। पिता का आरोप है कि बेटी की शादी का विरोध करने पर पत्नी, पुत्र व उसके बड़े भाई ने उसे जान से मारने की कोशिश की। पिता ने इसकी शिकायत पुलिस से की। सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि पिता की तहरीर पर मां कश्मीरी देवी, पुत्र मनीष, बड़े भाई अनूप, शादी कराने वाले बिचौलिए अमित निवासी संभल, दामाद मुनेश व दो अज्ञात के खिलाफ बाल विवाह के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।