चोरी की बाइक व कार के साथ चारों शातिर बदमाश
- फोटो : DHANAURA
अमरोहा। चार दिन पहले नौगांवा सादात थानाक्षेत्र में कार लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया। सवारी बनकर बिजनौर के बदमाशों ने कार लूटी थी। पहचान छिपाने के लिए कार का रंग, नंबर प्लेट और चेचिस नंबर भी बदलवा दिया। पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर कार को बरामद कर लिया है।
सीओ विजय कुमार राणा ने बताया कि मुरादाबाद कटघर थानाक्षेत्र के रामपुर दोराहा निवासी इदरीश सिविल लाइन थानाक्षेत्र के रहने वाले जाकिर की कार चलाता है। 15 जनवरी की रात वह कार मालिक जाकिर के निजी काम से नौगांवा सादात आया था। लौटते समय कुमखियां मार्ग पर तीन लोगों ने मजबूरी बताकर उमरी कलां चौराहे तक चलने की बात कहकर कार में सवार हो गए थे। इसके बाद तीनों चालक को बंधक बनाकर उससे कार लूट कर फरार हो गए थे।
इस मामले में कार मालिक की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। तभी से पुलिस बदमाशों की सुरागकशी कर रही थी। बुधवार की सुबह नौगांवा सादात इंस्पेक्टर शैलेंद्र सिंह फोर्स के साथ कुमखिया चौकी के सामने चेकिंग कर रहे थे। तभी पुलिस ने एक कार को रुकने का इशारा किया। लेकिन उसमें सवार युवकों ने फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से पुलिसकर्मी ने मोर्चा संभाला और घेराबंदी कर कार को कब्जे में ले लिया। उसमें सवार तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सचिन उर्फ सोनू, कासिम अंसारी, नृपेंद्र उर्फ भूरे निवासी किवाड़ थाना स्योहारा जनपद बिजनौर बताया। उनके कब्जे से तमंचा कारतूस बरामद हुए। जबकि कार की डिक्की से 830 रुपये, पैन कार्ड, श्रम कार्ड में आधार कार्ड बरामद हुए। जांच पड़ताल में सामने आया कि यह वही कार है जो मुरादाबाद के ड्राइवर से लूटी गई थी। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना को अंजाम देना कबूल कर लिया। सीओ के मुताबिक तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उनका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।