अमरोहा बावनखेड़ी इलाके में सवारी ढोने के दौरान दो युवक मिले। उन्होंने गेहूं की बोरी पड़ोस के गांव भगवानपुर माछरा पहुंचाने की बात की। रास्ते में ही चालक को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिला दी। जिसके कुछ देर बाद चालक बेहोश हो गया। इसके बाद बदमाश ई-रिक्शा को लेकर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
अमरोहा की हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में ई-रिक्शा चालक को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर बेहोश कर बदमाश ई-रिक्शा लूटकर फरार हो गए। चालक एक खेत में बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्जकर छानबीन में जुट गई है।
विज्ञापन
कोतवाली क्षेत्र के गांव हथियाखेड़ा निवासी जयपाल ई-रिक्शा चलाकर घर खर्च चलाता है। मंगलवार की सुबह वह ई-रिक्शा लेकर हसनपुर की ओर गया था। मंडी समिति से दो लोगों ने बावनखेड़ी चलने के लिए किराए पर ई रिक्शा तय किया। उसने दोनों लोगों को बावनखेड़ी छोड़ दिया। इस दौरान वहां पर दो अन्य युवक मिले। उन्होंने गेहूं की बोरी पड़ोस के गांव भगवानपुर माछरा पहुंचाने की बात की। रास्ते में ही चालक को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिला दी। जिसके कुछ देर बाद चालक बेहोश हो गया। इसके बाद बदमाश ई-रिक्शा को लेकर फरार हो गए।
चालक को रास्ते में एक खेत में फेंक दिया। परिजन तलाश करते हुए मौके पर पहुंचे। रात करीब 10 बजे बेहोशी की हालत में वहां से लाया गया और अस्पताल में भर्ती कराया गया। होश में आने पर चालक ने घटना की जानकारी दी। बताया कि जेब में पांच हजार रुपए भी रखे हुए थे। चोरों ने वह भी साफ कर दिए। उधर गांव सिहाली जागीर के जंगल में ई-रिक्शा का सामान मिला है। पुलिस ने उन्हें कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पीके चौहान ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। छानबीन की जा रही है।