रजबपुर। थाना क्षेत्र के चोटीपुरा मार्ग पर बेखौफ बदमाशों ने मर्चेंट नेवी के अधिकारी को जान से मारने की धमकी देकर 25 हजार रुपये लूट लिए। लूट की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। आसपास खोजबीन की, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए।
पुलिस ने लूट के स्थान पर मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। थाना क्षेत्र के गांव शहबाजपुर में किसान जयविंद्र सिंह का परिवार रहता है। उनके बेटे विनीत कुमार मर्चेंट नेवी में अधिकारी हैं। वह छुट्टी पर घर आए हैं। 2 मई की देर शाम विनीत कुमार निजी कार्य से रजबपुर आए थे। वापसी में रात करीब दस बजे वह कार से अपने घर को लौट रहे थे। चोटीपुरा गांव के समीप पहुंचे ही थे कि बाइक सवार चार बदमाशों ने उनकी कार को ओवरटेक करके कार रुकवा ली। बाहर निकलने के लिए कहा तो विनीत कुमार ने मना कर दिया। इस पर एक बदमाश ने घूंसा मारकर कार का शीशा तोड़ दिया और उन्हें बाहर निकाल लिया और मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से वह बदहवाश हो गए।
एक बदमाश ने उनकी आंख पर घूंसे से प्रहार किया। जान से मारने की धमकी देकर उनकी जेब में रखे 25 हजार रुपये निकाल लिए। लूट की घटना को अंजाम देकर बदमाश उनका मोबाइल तोड़ कर फरार हो गए। कुछ देर बाद उधर से गुजर रहे राहगीर से मोबाइल लेकर परिजनों को सूचित किया। लूट की सूचना मिलते ही परिजन व पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग की, मगर बदमाश हाथ नहीं आए।
परिजनों ने तत्काल ही उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने लूट की घटना में मुकदमा न लिखते हुए मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का मानना है कि मामला ओेवरटेक को लेकर केवल मारपीट का है।