अमरोहा। स्वर्ण समाज के लोगों ने बुधवार को अमरोहा में पैदल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। उन्होंने जातिगत आरक्षण व्यवस्था में बदलाव की मांग की। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को संबोधित चार सूत्री ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया। मांगें पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आरक्षण का आधार जाति नहीं, बल्कि आर्थिक स्थिति होनी चाहिए। उनका तर्क था कि आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ मिले। इससे जरूरतमंदों को वास्तविक लाभ मिलेगा और सामाजिक समानता बढ़ेगी। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के हालिया विवादित नियमों को वापस लेने की मांग भी की गई। एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम को समाप्त करने की मांग भी उठाई गई।
समाज ने राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण आयोग गठित करने की मांग रखी। वक्ताओं ने कहा कि स्वर्ण समाज के हितों को नीतिगत स्तर पर पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा है। खासकर युवाओं में इसे लेकर नाराजगी है। सरकार को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
प्रदर्शन में तिलकराज सिंह चौहान, ठाकुर पोपाल सिंह, राजपाल सिंह चौहान, सुधीर कुमार चौहान, दीपक शर्मा और पवन भारद्वाज मौजूद रहे। अतुल राघव, ठाकुर पुनीत पवार, पारस चौहान, विवेक चौहान, पंकज शर्मा और विशाल ठाकुर भी शामिल थे।