रजबपुर। करंट की चपेट में आने से मैकेनिक योगेश कुमार की मौत हो गई। परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की।
घटना रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव धनौरी माफी की है। गजरौला थानाक्षेत्र के गांव खजूरी निवासी योगेश कुमार धनौरी माफी में सबमर्सिबल मोटर बांधने की दुकान चलाते थे। बृहस्पतिवार दोपहर करीब 1:30 बजे वह दुकान के पास लगे सबमर्सिबल से पानी भरने गए थे। इसी दौरान खेत के किनारे लगे तारों में दौड़ रहे करंट की चपेट में आकर उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट लाइन के संपर्क में एक यूकेलिप्टस का पेड़ था, जिससे करंट नीचे फैल गया और हादसा हुआ। उन्होंने बिजली विभाग को जिम्मेदार ठहराया। घटना के बाद परिजन मौके पर पहुंच गए और शव उठाने से इन्कार कर हंगामा करने लगे। शाम करीब सात बजे तक शव मौके पर पड़ा रहा। परिजन खेत मालिक को बुलाने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग करते रहे।
मृतक योगेश की दो वर्ष पहले शादी हुई थी। वह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। पिता धर्मवीर सिंह मजदूरी करते हैं, जबकि मां कलावती और पत्नी प्रीति का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीओ अभिषेक यादव ने बताया कि परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।