मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 156 जोड़े शादी के बंधन में बंध गए। 106 हिंदू जोड़ों ने फेरे लिए तो 50 का निकाह कराया गया। डीएम ने नवविवाहित जोड़ों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। शासन की ओर से नवदंपती को उपहार भी दिए गए।
धनौरा के शेरपुर मार्ग स्थित एक बरातघर में मंगलवार को सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें हिंदू जोड़ों ने अग्नि के समक्ष जीवनभर एक दूसरे का साथ देने का वचन देते हुए फेरे लिए। नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए डीएम ने कहा कि बेटियां जिस घर में बहू बनकर जा रही हैं। वहां उनका जीवन व भविष्य खुशहाल होना चाहिए। वर पक्ष के लोगों को बहू को बेटी का दर्जा देते हुए उसका सम्मान करना चाहिए। बेटी को भी सास-ससुर की सेवा करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री की वरीयता में शामिल है। इस दौरान विधायक राजीव तरारा, सीडीओ अश्वनी मिश्र, एसडीएम चंद्रकांता, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी आभा दत्त मौजूद रहीं।