गजरौला (अमरोहा)। पहले से ही शादीशुदा युवक ने शादी करने के नाम पर कन्या पक्ष से एक लाख रुपये ठग लिए। शादी के दिन वहां आई उसकी पत्नी ने इसका खुलासा कर दिया। पुलिस ने एसपी डा. विपिन ताडा के आदेश पर डेढ़ माह बाद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और दहेज की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है।
मंगलवार की रात थाना क्षेत्र के गांव नवादा निवासी चमन ने पुलिस अधीक्षक को दी तहरीर में कहा कि वह चीनी मिल में नौकरी करता है। जाटव कालोनी जोया निवासी गीता पत्नी चमन ने अपने भाई मनोज निवाली गांव हरौला थाना मंडी धनौरा का विवाह उनकी पुत्री के संग करने की बात चलाई थी। गोद भराई की रस्म होने पर उन्होंने बतौर नकद एक लाख रुपये वर पक्ष को दिए थे। चार लाख रुपये विवाह वाले दिन देने की बात तय हुई थी। तहरीर में कहा गया है कि शादी की तिथि एक फरवरी निर्धारित की गई थी। 31 जनवरी को उनके गांव में स्थित घर पर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गईं थीं। दो फरवरी की सुबह वहां आई महिला प्रीति निवासी हल्द्वानी (उत्तराखंड) ने उन्हें बताया कि वह मनोज की पत्नी है। यह सुनते ही उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। महिला ने मनोज से शादी होने के रिकार्ड और फोटो भी दिखाए। इसके बाद वह कई बार थाने गया लेकिन गजरौला पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। बताते हैं कि एसपी के आदेश पर पुलिस ने मनोज, राजकुमार, भागीरथी, मवासी निवासी गांव हरौला थाना मंडी धनौरा एवं गीता और उसके पति चमन निवासी जाटव कालोनी जोया के खिलाफ धारा 420,504 एवं 506 के साथ ही दहेज की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली।