सैदनगली। थानाक्षेत्र के गांव बेगपुर मुंडा में विवाहिता का शव घर में ही फंदे से लटका मिला। मायके वालों ने हत्या की आशंका जताई और उत्पीड़न का आरोप लगाकर हंगामा किया। पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी। कार्रवाई के लिए पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
थाना क्षेत्र के गांव बेगपुर मुंडा निवासी सतीश की शादी करीब पांच साल पहले मंडी धनौरा क्षेत्र के गांव पेली तगा निवासी जयविंद्री (30) के साथ हुई थी। दो बेटे भी हैं। बड़ा बेटा चार साल एवं छोटा बेटा दो माह का है। शुक्रवार की दोपहर को जयविंद्री का शव घर में ही फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही मायके वाले पहुंच गई। मायके वालों ने दहेज के लिए उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और हत्या की आशंका जताई। कुछ लोगों ने दोनों पक्षों में समझौता कराने की भी कोशिश की। इसके बाद पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया। थानाध्यक्ष विकास सहरावत ने बताया कि अभी मायके वालों के द्वारा कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दो माह के मासूम का रो-रोकर बुराहाल
सैदनगली। जो मां दुनिया छोड़कर चली गई। उसकी समझ भी दो माह के मासूम को नहीं है। जयविंद्री ने दो माह पहले ही बेटे को जन्म दिया था। शुक्रवार दोपहर को जयविंद्री का शव फंदे से लटका मिलने के बाद से मासूम को संभालना परिजनों के सामने कड़ी चुनौती है।