थाने के बराबर में स्थित कांशीराम कॉलोनी में रहने वाली एक महिला की दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों द्वारा गला दबाकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत पांच के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर पति को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह ने बताया कि सैदनगली के रहने वाले गंगाराम सिंह ने अपनी बेटी रूबी उम्र 26 साल की शादी दो साल पहले नगर की कांशीराम कॉलोनी में रहने वाले सुनील के साथ की थी। शादी में अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज भी दिया गया था। गंगाराम द्वारा दर्ज कराई रिपोर्ट के मुताबिक रूबी के ससुराल वाले आए दिन दो लाख रुपये नकद व बाइक आदि की मांग कर रहे थे। उसकी सामर्थ्य नहीं होने की वजह से उसने देने से इंकार कर दिया था।
गंगाराम का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह ने बताया कि शनिवार की सुबह आठ बजे पुलिस को रूबी की मौत की सूचना मिली। रूबी के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पिता की तहरीर पर पति सुनील, ससुर रूपराम, जेठ गजेंद्र व जितेंद्र व जेठानी मीनू के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सुनील को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है।
रूबी की मौत से उसके मायके वाले इतना अधिक खफा थे कि उन्होंने अपने परिवार की मीनू को भी नहीं बख्शा। दरअसल रूबी की जेठानी मीनू उसकी सगी तहेरी बहन भी है। बताया जाता है कि मीनू ने ही रूबी का रिश्ता अपने देवर सुनील के साथ कराया था। रूबी के मायके वालों का कहना था कि सुनील शराब पीने का आदी था और कोई काम आदि भी नहीं करता था। यही वजह रही कि रूबी के पिता ने दहेज हत्या में अपनी सगी भतीजी मीनू का नाम भी लिखाने में कोई रियायत नहीं बरती।