डिडौली। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रविवार दोपहर पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद एक विवाहिता ने शौचालय में रखा तेजाब पी लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे जोया सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बताया गया कि विवाहिता कमरे में अंदर से दरवाजा बंद कर सो रही थी। पति के कई बार आवाज देने पर भी जवाब नहीं मिलने से दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो बाद में गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई।
आरोप है कि विवाद से आहत होकर विवाहिता ने तेजाब पी लिया। इसके बाद उसने स्वयं पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे अस्पताल पहुंचाया।
सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। विवाहिता के बयान और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संवाद