मंडी धनौरा। थाना क्षेत्र के गांव मलंगपुरा में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल वालों ने मायके वालों को सूचना दिए बगैर शव का अंतिम संस्कार कर दिया। सूचना मिलने पर गांव पहुंचे मायके वालों ने जमकर हंगामा किया। पिता ने ससुराल वालों पर दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जनपद बिजनौर के थाना चांदपुर के गांव नाईपुरा निवासी ग्रामीण हरिया ने अपनी बेटी नीलम की शादी तीन साल पहले थाना क्षेत्र के गांव मलंगपुरा निवासी कावेंद्र के साथ की थी। हरिया का आरोप है कि उसने शादी में करीब 10 लाख रुपये खर्च किए थे। लेकिन ससुराल वाले पांच लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर रहे थे। शादी के बाद पुत्र पैदा होने पर ससुराल वालों की डिमांड बढ़ गई। आरोप है कि मांंग पूरी नहीं होने पर उसकी बेटी का शारीरिक व मानसिक शोषण करने लगे। हरिया ने थाने में दी तहरीर में कहा है कि नौ मई को उसकी बेटी नीलम की ससुरालियों ने गला दबाकर हत्या कर दी।
ससुरालियों ने मायके वालों को सूचना दिए बगैर उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया। किसी ग्रामीण ने शुक्रवार को हरिया को उसकी बेटी की हत्या कर शव का अंतिम संस्कार करने की जानकारी दी तो वह भौचक्का रह गया। हरिया अपने परिजनों को लेकर बेटी की ससुराल पहुचा और जमकर हंगामा किया। मायके वालों का कहना था कि उनके आने का इंतजार क्यों नहीं किया गया। हरिया ने पुलिस को तहरीर देकर ससुरालियों पर दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करने की गुहार लगाई है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक रविंद्र प्रताप का कहना है कि मृतका के पिता की ओर से तहरीर मिली है और मामले की जांच की जा रही है।