बछरायूं(अमरोहा)। नाबालिग के अपहरण के मामले में पिछले करीब दस वर्षों से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को थाना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की लंबे समय से तलाश की जा रही थी। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेशकर जेल भेज दिया है।
सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि वर्ष 2016 में क्षेत्र के एक ग्रामीण ने अपनी नाबालिग बेटी के अपहरण के मामले में गांव चौखट निवासी सोनू तथा ग्राम फत्तेपुर निवासी सविता के खिलाफ बछरायूं थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। विवेचना के दौरान सविता के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी गई, जबकि सोनू की जांच जारी रही। इसी बीच वह फरार हो गया।
आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर 4 अप्रैल 2017 को उसके खिलाफ कुर्की वारंट जारी किए गए। बाद में उस पर पहले 12 हजार रुपये और फिर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया, लेकिन वह लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर रहा।
सीओ ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को सोनू के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली। इसके आधार पर शनिवार रात थाना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे जोया-अमरोहा रोड से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कुलदीप तोमर, एसओजी प्रभारी पंकज तोमर सहित थाना पुलिस और एसओजी के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।