फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amroha News: पांच घंटे जाम से जूझा लखनऊ-दिल्ली हाईवे

विज्ञापन
विज्ञापन
गजरौला(अमरोहा)। ज्येष्ठ अमावस्या पर गढ़ मुक्तेश्वर की ओर से ब्रजघाट गंगा पुल पर वाहन थमने के कारण गजरौला के शहवाजपुर डोर तक भीषण जाम लग गया। पांच घंटे तक श्रद्धालुओं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक जाम लगने के कारण भीषण गर्मी में लोग बिलबिला गए। एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। घंटों की मशक्कत से पुलिसकर्मियों ने बमुश्किल जाम खुलवाया। जिसके बाद जाम में फंसे लोगों ने राहत की सांस ली।
विज्ञापन

बृहस्पतिवार को अमावस्या पर गंगा में स्नान करने के लिए ब्रजघाट में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। भोर होते ही ट्रेन, रोडवेज और निजी बसों और निजी वाहनों से श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। तड़के में निजी वाहनों और डग्गामार वाहनों को गढ़ मुक्तेश्वर की तरफ से पुल पर जहां-तहां लगा दिया गया। इसके चलते जाम की स्थिति बनने लगी। सुबह करीब आठ बजते-बजते जाम ने नेशनल हाईवे को पूरी तरह से गिरफ्त में ले लिया। इसके बाद ब्रजघाट से दोनों दिशाओं में जाम लगना शुरू हो गया। एक के बाद एक वाहनों के पीछे वाहन फंसते गए। सुबह 11 बजे ब्रजघाट से गजरौला की दिशा में गांव शहबाजपुर डोर तक जाम लग गया। यही हाल ब्रजघाट से दिल्ली की दिशा का भी रहा। लोग जाम में पूरी तरह से फंस गए। करीब पांच किलोमीटर लंबा हाईवे जाम की गिरफ्त में आ गया।
जाम में फंसे लोग भीषण गर्मी में लोग बेहाल हो गए। यातायात को संभालने में पुलिस के पसीने छूटते रहे। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस कर्मियों ने एक बजे तक जाम खुलवाकर वाहनों को गंतव्य के लिए निकाला। सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि गढ़ मुक्तेश्वर से ब्रजघाट गंगा पुल पर श्रद्धालुओं के वाहनों के आने के कारण जाम के हालात बने थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें