थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मॉल में देर रात पहुंचे बदमाशों ने हथियारों के बल पर गार्ड, गनमैन, व लेबर को कमरे में बंद कर दिया। उनकी बंदूक और कारतूस छीन लिए। इसके बाद पांच लाख का सरिया लूट ले गए। घटना से पुलिस में हड़कंप मच गया। थाना पुलिस के अलावा पुलिस क्षेत्राधिकारी धनौरा मौके पर पहुंचे। घटना के बारे में जानकारी कर जांच पड़ताल की।
दिल्ली निवासी संजय गुप्ता का रजबपुर थाना क्षेत्र में झनकपुरी के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे मॉल बन रहा है। गजरौला थाना क्षेत्र के खजूरी गांव निवासी विपिन गार्ड है व हरपाल गनमैन, जबकि इलाहाबाद के निनुरा गांव निवासी मलखान लेबर में काम करता है। शुक्रवार की रात 11 बजे गनमैन व लेबर का मलखान मॉल में ही थे।
इसी दौरान पैदल ही हथियारबंद बदमाश निर्माणाधीन मॉल में आ धमके। अचानक आए बदमाशों ने गनमैन हरपाल को कब्जे में कर उसकी बंदूक छीन ली तथा 22 कारतूस भी छीन लिए। इसके बाद गनमैन हरपाल, गार्ड विपिन व लेबर के मलखान को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया।
सभी को बंधक बनाकर कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने मॉल से पांच लाख का सरिया लूट लिया। तकरीबन तीन घंटे तक बदमाश निर्माणाधीन मॉल में रहे। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद पुलिस को सूचना दी। लूट की खबर मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई।
थाना प्रभारी अजित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी की। पता लगते ही सीओ धनौरा इंस्पेक्टर सिंह भी पहुंच गए। सीओ व थाना प्रभारी ने गार्ड, गनमैन व लेबर के मलखान से बदमाशों के बारे में जानकारी करने के साथ ही जांच पड़ताल की।
किस वाहन से ले गए सरिया
निर्माणाधीन मॉल में शुक्रवार की रात हथियार बंद बदमाशों ने लेबर, गार्ड, गनमैन को बंधक बनाकर पांच लाख रुपये का सरिया लूट लिया। बदमाश सरिया किस वाहन में ले गए, यह पता नहीं चल पाया। बंधक बनाए गए हरपाल, विपिन मलखान का कहना है कि उनको कमरे में बंद कर दिया था। उनको आवाज आ रही थी। किस वाहन में सरिया लाद ले गए, यह उनकी जानकारी में नहीं है।
थाना प्रभारी अजित कुमार सिंह ने कहा तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कई एंगेल्स पर काम कर रही है। घटना में तीनों के शामिल होने से भी इंकार नहीं किया जा सकता।