बिहार से दिल्ली जाने वाली जनसाधारण एक्सप्रेस में शुक्रवार की सुबह असलहों के बल पर बदमाशों ने एक बोगी में जमकर उत्पात मचाया। चाकू की नोंक कर पर एक-एक यात्रियों की तलाशी ली और नगदी व मोबाइल लूट लिये। विरोध करने पर दो यात्रियों को चाकू मार कर घायल कर दिया।
चंद मिनटों में वारदात को अंजाम देकर बदमाश अमरोहा के थाना रजबपुर क्षेत्र के काफूरपुर में चेन पुलिंग कर ट्रेन से कूद कर फरार हो गए। ट्रेन में लूट की सूचना मिलने पर आरपीएफ और जीआरपी महकमे में खलबली मच गई। घटनास्थल पहुुंची जीआरपी ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करा दिया।
घायलों की ओर से अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वहीं आरपीएफ और जीआरपी के आला अधिकारियों ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर वारदात की जानकारी ली है।बृहस्पतिवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे जनसाधारण एक्सप्रेस 13257 बिहार के बक्सर जिले से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी।
ट्रेन में सभी बोगियां जनरल हैं। इन्हीं में एक बोगी में करीब 20 यात्री सफर कर रहे थे। जिनमें धान जी गुप्ता पुत्र जोखन शाह निवासी गांव सिसौदा थाना थनसोई जनपद बक्सर, बिहार अपनी बहन सुनीता पत्नी मनोज गुप्ता पूठ खुर्द दिल्ली को छोड़ने दिल्ली जा रहा था।
धनजी की सीट पर ही रिजवान पुत्र मोहम्मद उस्मान निवासी गांव कदमपुरा थाना किशनपुर जिला सुपौल, बिहार समेत विकास पुत्र नंद किशोर और उसका भाई सुनील व एक अन्य यात्री भी बैठे थे। शुक्रवार की सुबह करीब 8.35 बजे ट्रेन मुरादाबाद से रवाना हुई। मुरादाबाद यार्ड से गुजरते समय ट्रेन की गति धीमी थी।
उसी समय पांच युवक बोगी में चढ़ गए। बोगी में चढ़ते ही पांचों बदमाशों ने चाकू निकाल लिये। चाकू देख सभी यात्री सहम गए। दो बदमाश बोगी में शौचालय के पास खड़े हो गए। जबकि दो बदमाश चाकू से डरा धमका कर पुरुष यात्रियों को शौचालय की ओर ले जाने लगे। जबकि एक बदमाश अन्य यात्रियों पर नजर रखे था।
सबसे पहले बदमाशों ने वहां बैठे धानजी गुप्ता व अन्य लोगों को कब्जे में ले लिया। बदमाशों ने शौचालय के पास यात्रियों की तलाशी ली। धानजी गुप्ता से 900 रुपये, रिजवान से 2500 रुपये और मोबाइल, विकास से मोबाइल और एक अन्य यात्री का बैग लूट लिया। विरोध करने पर धानजी गुप्ता और रिजवान पर चाकू से वार कर दिया।
मारपीट की। धानजी के कमर के बायीं ओर और रिजवान के सीने पर चाकू लगा। जिससे दोनों लहूलुहान हो गए। करीब दस मिनट तक लूटपाट करने के बाद बदमाशों ने थाना रजबपुर के काफूरपुर के पास चेन पुलिंग कर दी। ट्रेन के धीमे होते ही बदमाश ट्रेन से कूद कर जंगल में भाग निकले।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची आरपीएफ और जीआरपी ने घटना के बारे में जानकारी ली। जीआरपी घायल रिजवान और धानजी गुप्ता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले आयी। जीआरपी सीओ जितेंद्र सिंह और प्रभारी निरीक्षक अमरोहा अय्यूब अली ने घटनास्थल पहुंच कर जानकारी की। साथ ही सीएचसी पहुंच कर घायल यात्रियों से पूछताछ की।
पुलिसिया कार्रवाई के झमेले में न पड़ने से नहीं की शिकायत
गजरौला। जनसाधारण एक्सप्रेस में बदमाशों ने चाकू की नोंक पर सिर्फ चार यात्रियों को ही नहीं लूटा। करीब दस से अधिक यात्रियों को बदमाशों ने निशाना बनाया था। जिस बोगी में वारदात हुई। उसमें करीब 20 यात्री थे। महिला यात्रियों से बदमाश दूर रहे।
बदमाशों ने सिर्फ पुरुष यात्रियों का ही निशाना बनाया। किसी का सामान नहीं छुआ। सिर्फ एक यात्री का बैग लूटा। बाकी के जेब से नगदी और मोबाइल ही लूटे। करीब दस से अधिक यात्रियों के साथ लूटपाट की। बाकी पीड़ित यात्रियों ने पुलिस के झमेले में न पड़ने की वजह से शिकायत नहीं की और ट्रेन में बैठ कर चले गए।
20 से 25 साल के थे बदमाश
गजरौला। जनसाधारण एक्सप्रेस में लूटपाट करने वाले बदमाश नयी उम्र के थे। घायल यात्री धानजी गुप्ता ने बताया कि बदमाश 20 से 25 साल उम्र के थे। पांचों बदमाशों के हाथों में बड़े-बड़े छुरे थे। जिससे कोई यात्री विरोध का साहस नहीं कर सका। उसने और रिजवान ने जब विरोध किया तो बदमाशों ने चाकू से वार किये। जिससे दोनों घायल हो गए।
सीमा विवाद में उलझी आरपीएफ
गजरौला। जनसाधारण एक्सप्रेस में यात्रियों से लूटपाट की वारदात को लेकर अमरोहा जनपद की आरपीएफ सीमा विवाद में उलझी रही। आरपीएफ की माने तो वारदात मुरादाबाद क्षेत्र में हुई थी। मुरादाबाद से ट्रेन रवाना होने के बाद मुरादाबाद यार्ड से ही बदमाश चढ़े थे और उसी समय चंद मिनटों में वारदात को अंजाम देकर बदमाश भाग निकले। क्योंकि मुरादाबाद यार्ड से ट्रेन धीमी गति पर थी। काफूरपुर पर अन्य यात्रियों ने घायलों के इलाज के लिए चेनपुलिंग कर ट्रेन रुकवायी थी। वहीं घायल यात्रियों का कहना है कि काफूरपुर से कुछ पहले जंगल में ट्रेन धीमी गति में थी। वहीं से बदमाशों ने लूटपाट शुरू की और दस मिनट तक चलती ट्रेन में बदमाश लूटपाट करते रहे। करीब दस मिनट में ही ट्रेन काफूरपुर के निकट पहुंच गई। जहां बदमाश चेनपुलिंग कर फरार हो गए।
ट्रेन में नहीं था आरपीएफ व जीआरपी एस्कॉर्ट
गजरौला। जनसाधारण एक्सप्रेस में जिस समय वारदात हुई। उस समय आरपीएफ और जीआरपी का एस्कॉर्ट ट्रेन में उपलब्ध नहीं था। यात्रियों का कहना है कि यदि एस्कॉर्ट होता तो शायद वारदात नहीं होती। वहीं जीआरपी और आरपीएफ का कहना है कि चुनाव में फोर्स जाने की वजह से ट्रेन में एस्कॉर्ट नहीं था।
छह मिनट तक गजरौला स्टेशन पर खड़ी रही ट्रेन
गजरौला। जनसाधारण एक्सप्रेस का मुरादाबाद के बाद गाजियाबाद स्टापेज है। गजरौला में ट्रेन का स्टापेज नहीं है। लूटपाट की वारदात के बाद काफूरपुर पर चेन पुलिंग कर बदमाश भाग गए। इसके बाद गजरौला स्टेशन 9.42 से 9.48 बजे तक ट्रेन खड़ी रही।
घायल यात्री धान सिंह की तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बदमाशों की तलाश जारी है।
रविंद्र कुमार, चौकी इंचार्ज, जीआरपी।