गजरौला। शराबी ने घर के बाहर टहल रही चिकित्सक की पत्नी से अभद्रता कर दी। आरोप है कि कुंडल भी लूट लिया। शोर होने पर वहीं टहल रहे लोगों ने उसे पकड़ लिया और 112 डायल पुलिस को सौंप दिया। आरोप है कि पुलिस उसे छोड़ रही थी लेकिन लोगों ने फिर से पकड़ लिया और थाने लेकर पहुंच गए। इस दौरान लोगों की पीआरवी कर्मियों से तीखी नोकझोंक भी हुई। इंस्पेक्टर आरपी शर्मा ने पकड़े गए शराबी से पूछताछ करने और पीआरवी कर्मियों पर लगे आरोपों की शिकायत सीओ सत्येंद्र सिंह समेत आला अफसरों से करने की बात कही है।
रविवार की रात लगभग साढ़े नौ बजे यह घटना मोहल्ला जवाहर नगर में स्थित एक कालोनी में हुई। यहां रहने वाले एक चिकित्सक पीएचसी में केंद्र अधीक्षक के पद पर हैं। बताते हैं कि उनकी पत्नी खाना खाने के बाद बाहर टहल रही थीं। अचानक वहां आए एक शराबी ने उनसे अभद्रता कर दी। आरोप है कि कुंडल भी लूट लिया। शोर मचाने पर लोगों ने उसे पकड़ लिया और 112 डायल पुलिस को सौंप दिया। पीआरवी कर्मियों ने उसे गाड़ी में बैठा लिया। बताते हैं कि कुछ दूरी पर गति धीमी होने पर उसने उतरने की कोशिश की। इसी दौरान पीछे से आए लोगों ने पुलिस पर उसे छोड़ने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। पीआरवी कर्मियों से तीखी नोकझोंक भी हुई। बाद में शराबी और 112 डायल पुलिस के साथ थाने आ गए। यहां भी काफी हंगामा हुआ। इंस्पेक्टर आरपी शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया कुंडल लूट का आरोप निराधार लग रहा है। तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।