अमरोहा के सांसद कुंवर दानिश अली ने कांग्रेस की न्याय यात्रा में शामिल होने का एलान किया है। अब दानिश अली ने एक्स पर कहा कि हमारे संसदीय क्षेत्र में यात्रा का स्वागत है। सांसद ने राहुल गांधी के साथ दो फोटो एक्स पर शेयर की हैं। पिछले दिनों बसपा सांसद कुंवर दानिश अली को बसपा से निलंबित कर दिया गया था।
सांसद कुंवर दानिश अली द्वारा की गई पोस्ट पर उनके फॉलोअर्स ने बधाई दी। लेकिन, कुछ लोगों ने उन्हें ट्रोल किया। एक फॉलोअर्स ने कहा कि बिना बीएसपी के आपकी जमानत जब्त हो जाएगी। क्योंकि दूसरे फॉलोअर्स ने कहा कि क्षेत्र की जनता भी तैयार बैठी है पांच साल का हिसाब किताब के लिए।
एक फॉलोअर्स ने कहा कि सांसद जी बहुत दिन हो गए हैं आपको देखे हुए। आपके क्षेत्र से आता हूं मैं और आपको बहुत दिल से चुनाव लड़ाया था। आप कहां पर हो, अब याद आई है अपने क्षेत्र की। अबकी कोई ऐसी उम्मीद मत रखना जो इस सीट से जीत जाओगे।
कांग्रेस के पदाधिकारियों द्वारा प्रेस वार्ता के दौरान दानिश अली के बारे में कहा कि वो पार्टी में नहीं है। प्रदेश सचिव सचिन चौधरी ने कहा कि अमरोहा की जनता में उनके प्रति जुड़ाव नहीं है। क्योंकि वह पांच साल अपने क्षेत्र में नहीं आए।
हमें नहीं लगता दानिश अली के नाम पर पार्टी विचार करेगी। ये सब अफवाहें हैं। अफवाहों से अमरोहा की जनता को बचना है। जमीनी कार्यकर्ता को पार्टी अमरोहा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ाएगी।