अमरोहा। बृहस्पतिवार को यूपी बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हो गईं। पहले दिन हिंदी का आसान पेपर देखकर छात्र-छात्राओं को चेहरे खिले नजर आए। सुबह और शाम की दोनों पालियों में 2462 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। जेडी मुरादाबाद एवं डीआईओएस ने भी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। प्रशासन की सतर्कता के चलते पहले दिन कोई नकलची नहीं पकड़ा गया।
यूपी बोर्ड की परीक्षा बृहस्पतिवार को 79 केंद्रों पर शुरू हो गई। सभी केंद्रों पर सुबह से ही स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात थे। जोकि सुबह परीक्षा शुरू होने से करीब एक घंटा पहले ही परीक्षा केंद्र पहुंच गए थे। परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिले को चार जोन एवं 11 सेक्टर में बांटा गया था। सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं जोनल मजिस्ट्रेट सुबह से ही परीक्षा की निगरानी में जुट गए। परीक्षा से पहले स्ट्रांग रूम खुलने के समय एवं प्रश्नपत्रों के पैकेट खोलने के समय विशेष निगाह रखी गई। सचल दलों ने भी सुबह से ही अपने अपने क्षेत्रों की कमान संभाली ली थी, जोकि परीक्षा की समाप्ति तक सक्रिय रहे। सुबह की पाली में हाईस्कूल की हिंदी की परीक्षा आयोजित हुई। परीक्षा के लिए 28434 विद्यार्थी पंजीकृत थे। जिसमें से 26931 परीक्षार्थी शामिल हुए जबकि 1503 ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं सुबह की पाली में ही इंटर की सैन्य विज्ञान परीक्षा का आयोजन भी हुआ। जिसमें पंजीकृत 15 परीक्षार्थियों में 11 परीक्षार्थी मौजूद रहे।
दूसरी पाली में इंटर की हिंदी की परीक्षा हुई। जिसमें से 22426 परीक्षार्थियों में से 21467 परीक्षार्थी शामिल हुए। जबकि 959 छात्र छात्राओं ने परीक्षा छोड़ दी। दूसरी पाली में हाईस्कूल की वाणिज्य विषय की परीक्षा भी हुई। जिसमें 282 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से दस परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जेडी मुरादाबाद मनोज कुमार द्विवेदी ने सुखदेवी इंटर कॉलेज हसनपुर, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज हसनपुर, तुर्की इंटर कॉलेज पलौला, एचएचएम इंटर कॉलेज असगरीपुर, नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज रजबपुर तथा डीआईओएस विष्णु प्रताप सिंह ने भगवत शरण इंटर कॉलेज जोया, रामफल सिंह इंटर कॉलेज रजोहा, जीपीएस एकेडमी भजनपुरी, एकेजी इंटर कॉलेज जलालपुर घना का निरीक्षण किया। डीआईओएस विष्णु प्रताप सिंह ने बताया कि पहले दिन की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच ही उत्तर पुस्तिकाएं राजकीय इंटर कॉलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम में जमा कराईं गईं।
-
बहुविकल्पीय प्रश्न करेंगे बेड़ापार
यूपी बोर्ड की परीक्षा में पहले दिन हिंदी का प्रश्नपत्र हुआ। जिसमें विद्यार्थियों को ओएमआर सीट पर बहुविकल्पीय प्रश्नों के उत्तर देने थे। छात्र छात्राओं के मुताबिक कॉलेज में पहले ही ओएमआर सीट के बारे में जानकारी दी गई थी, और अभ्यास भी कराया गया था। जिसके चलते ज्यादा परेशानी नहीं हुई। बृहस्पतिवार को पहली पाली में हाईस्कूल की परीक्षा देकर बाहर निकले छात्र छात्राएं खासे उत्साहित नजर आए। उनके अनुसार बीस प्रश्न पत्र तो बहुविकल्पीय ही थे। जिनके उत्तर सही होने पर पूरे नंबर ही मिलते हैं।
परीक्षा की शुरुआत अच्छी हुई है। अधिकांश प्रश्न याद के आए थे। बहुविकल्पीय प्रश्न हाईस्कोर करने में मददगार साबित हो सकते हैं। बाकी गद्यांश एवं पद्यांश भी ज्यादा मुश्किल नहीं थे। कुल मिलाकर पेपर अच्छा हुआ है। - छात्र विशाल कुमार
हिंदी के पेपर मुश्किल नहीं था। पूरी परीक्षा में अच्छा प्रतिशत हासिल करने में हिंदी के अंक मददगार साबित होंगे। लेखक और कवियों के जीवन परिचय भी इतना मुश्किल नहीं थे। जो प्रश्न आते थे, वह सबसे पहले हल किये। बहुविकल्पीय प्रश्न नंबर बढ़ाने में मददगार साबित होंगे। - कुमारी शेवी
बहुविकल्पीय प्रश्न बहुत अच्छे थे। जोकि सभी अच्छे से किये हैं। जिसमें पूरे नंबर मिलने की उम्मीद हैं। अन्य सवाल भी आसान थे। पहले प्रश्न पत्र को पूरा पढ़ा, उसके बाद हल करना शुरू किया। परीक्षा की शुरुआत अच्छी हुई है। - मोहम्मद आजम
अधिकांश प्रश्न याद के आए थे। संस्कृत गद्यांश का हिंदी अनुवाद भी किया। पूरा पेपर पढ़ने के बाद सबसे पहले बहुविकल्पीय प्रश्नों को हल किया। इसके बाद जो प्रश्न आते थे, वो हल किये। हिंदी के पेपर में अच्छे अंक आने की उम्मीद है। -छात्रा पायल