अमरोहा। जोया क्षेत्र के कांकर सराय उर्फ काजी सराय सहित आसपास के गांवों में तेंदुए की मौजूदगी की चर्चाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का दावा है कि पिछले एक सप्ताह के भीतर तीन-चार बार तेंदुआ अलग-अलग स्थानों पर दिखाई दिया है। इसके बाद से लोग खेतों पर अकेले जाने से बच रहे हैं और वन विभाग से जल्द पिंजरा लगाकर उसे पकड़ने की मांग कर रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार रविवार देर शाम कांकर सराय निवासी आकिल बाइक से खेत से घर लौट रहे थे। कांकर सराय और मीरा सराय के बीच चकमार्ग पर अचानक एक जंगली जानवर सड़क पार करता दिखाई दिया, जिसे उन्होंने तेंदुआ बताया। सूचना मिलते ही ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर जंगल की ओर दौड़ पड़े और काफी देर तक तलाश करते रहे। आकिल ने कुछ लोगों को घटना का वीडियो दिखाने का भी दावा किया।
इससे तीन दिन पहले गांव के मुस्तकीम और हाफिज सादी ने भी खेतों में काम करते समय तेंदुए को एक गन्ने के खेत से दूसरे खेत में जाते देखा। दोनों घबराकर अपना सामान वहीं छोड़ गांव लौट आए और ग्रामीणों को सतर्क किया। इसके अलावा करीब एक सप्ताह पहले अमरोहा-डिडौली मार्ग पर धनौरा उर्फ मुरादनगर, अफजलपुर, मऊ मच चक और पूरनपुर के बीच भी एक बाइक सवार ने रात में तेंदुआ दिखाई देने का दावा किया था। इसके बाद गांव में मस्जिद से एलान कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई थी।
चक-धनौरी के ग्रामीणों ने भी जंगल में तेंदुआ देखने का दावा किया है। लगातार मिल रही इन सूचनाओं से कांकर सराय, मीरा सराय, धनौरा उर्फ मुरादनगर, अफजलपुर, पूरनपुर, चक-धनौरी समेत पंद्रह से अधिक गांवों में भय का माहौल है। डीएफओ राजीव कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की सूचनाओं के आधार पर विभागीय टीमें गश्त कर रही हैं। कुछ जगह पिंजरा भी लगाए गए हैं। ग्रामीणों को सतर्कता बरतने की जरूरत है।