नौगांवा सादात। जिले में तेंदुए की चहलकदमी लगातार बढ़ रही है। क्षेत्र के गांव बादशाहपुर में शुक्रवार रात तेंदुए ने किसान के ट्यूबवेल के पास डेरा जमा लिया। किसान की सूचना पर जब पुलिस की गाड़ी वहां पहुंची तो लाइट देखकर तेंदुआ जंगल की ओर भाग निकला। गांव के पास तेंदुआ आने से ग्रामीणों में दहशत बनी है।
गांव निवासी चंद्रपाल सिंह के खेत गांव से बाहर हैं। शुक्रवार रात वह ट्यूबवेल चलाकर खेतों को पानी दे रहे थे। देर रात नौ बजे वह ट्यूबवेल के पास पहुंचे तो उनकी नजर वहां बैठे तेंदुए पर पड़ी। जिसे देखकर वह सहम गए। काफी देर तक तेंदुआ वहीं बैठा रहा। ऐसे में चंद्रपाल सिंह ने इसकी सूचना पुलिस को दी। कुछ देर बाद पुलिसकर्मी जीप लेकर जैसे ही खेत के रास्ते ट्यूबवेल के पास पहुंचे तो लाइट देखकर तेंदुआ वहां से भाग निकला। इस दौरान वहां मौजूद ग्रामीण ने इसकी वीडियो बना लिया।
शनिवार को वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो अधिकारी मामले की जांच में जुट गए। उधर, तेंदुए की आमद से ग्रामीण सहमे हुए हैं। डीएफओ एसपी सिंह ने बताया कि इन दिनों जगह-जगह तेंदुए देखे जा रहे हैं। ग्रामीणों को सावधानी बरतने की जरूरत है। हालांकि, टीम को बादशाहपुर भेजा जाएगा।