अमरोहा। एक बैंक्वेट हॉल के सामने कार निकालने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। जमकर लाठी-डंडे चले। हमले में तीनों गंभीर घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने बिगड़ते हालात संभाले। मामले में पीड़ित कारोबारी की तहरीर पर दिल्ली निवासी चार युवकों के खिलाफ मारपीट व धमकी देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की।
शहर के मोहल्ला नल नई बस्ती में कारोबारी मुजम्मिल का परिवार रहता है। घटना शुक्रवार रात उनका बेटा दाऊद कार में सवार होकर कहीं से घर वापस लौट रहा था। मोहल्ले में ही नल रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में शादी समारोह चल रहा था। दिल्ली से आई बारात में शामिल लोगों की कुछ गाड़ियां सड़क के बीचोबीच खड़ी हुई थीं। रास्ता बंद होने पर दाऊद ने एतराज किया तो बरात में शामिल युवकों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट कर दी। विवाद बढ़ने पर लोगों ने उस वक्त बीचबचाव कराकर मामला रफा-दफा करा दिया। थोड़ी देर बाद ही फैसले के बहाने कुछ लोगों ने मुजम्मिल, उनके बेटे दाऊद व अब्बास को बैंक्वेट हॉल में बुला लिया। यहां पर धारदार हथियार और लाठी-डंडों लिए दिल्ली के युवकों ने तीनों के साथ मारपीट की। मारपीट से शादी समारोह में भगदड़ मच गई।
सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि मामले में मुजम्मिल की तहरीर पर दिल्ली के जाफराबाद पूर्वी निवासी वसीम और उसके तीन अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।