अमरोहा। देहात थानाक्षेत्र के बागड़पुर कलां निवासी अधिवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता आलम मलिक को ईमेल के जरिए जान से मारने की धमकी दी गई है। धमकी भेजने वाले ने खुद को अलकायदा का सदस्य बताते हुए कहा कि उसके सदस्य अधिवक्ता के आसपास मौजूद हैं और जल्द उन्हें निशाना बनाया जाएगा। तहरीर पर देहात थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आलम मलिक के मुताबिक, उन्होंने कुछ दिन पहले मुस्लिम समाज में तलाक के बाद होने वाली हलाला प्रक्रिया में बदलाव की मांग को लेकर फेसबुक पर पोस्ट की थी। उनका कहना है कि पोस्ट का उद्देश्य इस प्रक्रिया से प्रभावित महिलाओं के हित में आवाज उठाना था। आरोप है कि इसी पोस्ट के बाद 15 अगस्त की रात करीब 9:58 बजे ईमेल पर धमकी भेजी गई। संदेश में हलाला प्रक्रिया में बदलाव की मांग और पाकिस्तान के विरोध को लेकर जान से मारने की धमकी दी गई।
आलम मलिक ने बताया कि उन्होंने 16 अगस्त की सुबह ईमेल देखा। संदेश पढ़ने के बाद वह और उनका परिवार डर गया। इसके बाद देहात थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की। एएसपी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर गंभीरता से जांच की जा रही है। धमकी भेजने वाली ईमेल आईडी का आईपी एड्रेस ट्रेस कराया जा रहा है। भेजने वाले की पहचान और धमकी की वास्तविकता समेत अन्य बिंदुओं की जांच जारी है।