होटल संचालक के बंद घर में ताला तोड़कर दाखिल हुए चोर नकदी, सोने-चांदी के आभूषण सहित लाखों का माल चोरी कर ले गए। पड़ोसी ने घर का गेट खुला देख गृहस्वामी को चोरी की सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की की जानकारी ली। आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई।
लक्ष्मी नगर मोहल्ला निवासी राम सिंह हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में होटल चलाते हैं। दो दिन पूर्व उनके किसी परिचित की मौत हो गई। वह ताले लगाकर परिचित के यहां चले गए। सोमवार की रात मुख्य गेट का ताला तोड़कर चोर घर में दाखिल हो गए। घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण ले गए। होटल संचालक ने डेढ़ लाख रुपये की नकदी ले जाने का भी आरोप लगाया है। पड़ोसियों ने गेट खुला देख होटल संचालक राम सिंह को घर में चोरी की जानकारी दी। मोहल्ले वालों की सूचना पर ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आस पास के लोगों से चोरी की जानकारी ली। थाना प्रभारी विनय कुमार का कहना है कि चोरी का मामला जानकारी में है। जांच चल रही है। इसके बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।