दोनों में जमकर नोकझोंक हुई। इसके बाद खींचातानी शुरू हो गई। सार्वजनिक स्थल पर युवतियों में हाथापाई होते देख तमाशबीन जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों को कोतवाली ले आई। एसडीएम व सीओ भी पहुंचे। युवतियों के परिजनों से बातचीत की जा रही थी।
शनिवार को हसनपुर नगर के ब्लाक तिराहे पर सर्किल क्षेत्र के एक कस्बा निवासी युवक अपने साथ एक लड़की और उसकी बहन को लेकर आया था। उसी दौरान एक अन्य युवती भी वहां पहुंच गई। यहां प्रेमी को दूसरी लड़की के साथ देख वह आग बबूूला हो गई। इस पर दोनों युवतियों में नोकझोंक हो गई, नौबत खींचातानी तक पहुंच गई। दोनों युवतियां प्रेमी पर अपना-अपना हक बता रहीं थी। इसको लेकर काफी देर तक हंगामा चलता रहा।
दोनों ट्रक के आगे कूदने की धमकी देने लगीं। हंगामे की सूचना पर एसएसआई पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस को देख प्रेमी और एक युवती खिसकने लगे। इस पर पुलिस ने दोनों को घेरकर पकड़ लिया और तीनों को कोतवाली ले आई। इधर, पहले से ही थाना दिवस में शिकायत सुन रहे एसडीएम अशोक मौर्य और सीओ सोमेंद्र कुमार नेगी ने युवतियों से पूछताछ की, लेकिन दोनों युवतियां इस मामले में पीछे हटने को तैयार नहीं थी।
इधर, मौका पाकर एक युवती खिसकने लगी तो महिला सिपाही ने दौड़कर पकड़ लिया। कोतवाली निरीक्षक ने बताया कि मामला दो समुदाय से जुड़ा है। दोनों युवतियों के परिजनों से बात की जा रही है।