जिलेभर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को जन आरोग्य मेलों का आयोजन हुआ। हालांकि, कई जगहों पर फार्मासिस्ट न होने और कई जगहों पर अव्यवस्थाएं होने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
चुचैला कलां के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार को आयोजित आरोग्य मेले में 53 मरीज पहुंचे। डॉक्टर निशी कौशल ने मरीजों का परीक्षण कर दवाओं का वितरण किया गया। अधिकांश मरीज फंगल इंफेक्शन के थे। उधर, पीएचसी पर पिछले दो वर्षों से फार्मासिस्ट का पद रिक्त होने से मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पर्याप्त मात्रा में दवाएं मौजूद हैं, लेकिन उनका वितरण करने के लिए फार्मासिस्ट नहीं है।
हसनपुर के नगरीय पीएचसी पर भी रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन हुआ, जिसमें मरीजों की भीड़ उमड़ी। दोपहर 12 बजे चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अक्षय नागर मरीजों का परीक्षण किया। मेले में कुल 160 मरीजों का पंजीकरण हुआ। जिनमें सर्दी, खांसी और दस्त से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक रही। लेकिन स्वास्थ्य केंद्र पर फार्मासिस्ट का पद रिक्त होने के कारण मरीजों को असुविधा होती है।