डिडौली(अमरोहा)। सड़क पार करते समय अज्ञात कार की टक्कर से मजदूर की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संभल जिले के असमोली थानाक्षेत्र के गांव शहबाजपुर कलां निवासी 45 वर्षीय जाकिर शनिवार शाम किसी काम से चौधरपुर आए थे। वह दिल्ली की ओर से आ रहे अपने परिचित को सामान देने के लिए सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान मुरादाबाद की ओर से तेज गति से आ रही अज्ञात कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में जाकिर गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पत्नी शबनम, मां नन्ही समेत अन्य परिजन जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंच गए। मृतक अपने पीछे पत्नी और छह बेटों का परिवार छोड़ गए हैं। सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि हादसे को अंजाम देने वाले वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। संवाद